
रायपुर न्यूज धमाका – केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर शनिवार को रायपुर पहुंचे। माना विमानतल पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने किया।
नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी का शिलान्यास
श्री शाह ने नवा रायपुर के बंजारी सेक्टर-2 में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) के रायपुर परिसर का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह यूनिवर्सिटी देश के अपराध अनुसंधान क्षेत्र में एक मजबूत आधारशिला बनेगी।
DGP और ADGP के साथ सुरक्षा बैठकें
इसके बाद होटल मेफेयर रिसॉर्ट में श्री शाह ने छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों के DGP और ADGP के साथ सुरक्षा से जुड़ी उच्चस्तरीय बैठकें कीं। इसके बाद वामपंथी उग्रवाद (LWE) से निपटने की रणनीतियों पर एक विशेष समीक्षा बैठक हुई, जिसमें नक्सल प्रभावित इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
बीएसएफ कैंप, अबूझमाड़ के ग्रामीणों से संवाद
23 जून को केंद्रीय मंत्री बीएसएफ हेलीकॉप्टर से नारायणपुर जिले के इरकभट्टी स्थित बीएसएफ कैंप जाएंगे। वे वहां अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों से संवाद करेंगे, क्षेत्रीय समस्याओं को सुनेंगे और बीएसएफ जवानों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
अधिकारियों की उपस्थिति
स्वागत समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक धर्मलाल कौशिक, किरण देव, अमर अग्रवाल, पुरंदर मिश्रा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, DGP अरुण देव गौतम, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी लाल उमेद सिंह भी उपस्थित रहे।
यह दौरा राज्य में सुरक्षा, विकास और आंतरिक व्यवस्था को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



