
कांकेर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में तीन तलाक से जुड़ा एक मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में पीड़ित महिला की ननद शहनाज हिंगोरा को पुलिस ने सिमगा से गिरफ्तार किया है, जबकि महिला का पति इरफान वारसी, उसकी दो अन्य ननदें और सास अब भी फरार हैं।
कोतवाली पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गरियाबंद सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई है, जहां आरोपियों के छिपे होने की आशंका है।
गिरफ्तार की गई ननद शहनाज हिंगोरा से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि उससे अन्य आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।
क्या है मामला?
पीड़िता के भाई गफ्फार मेमन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उसकी बहन का विवाह 9 मार्च 2017 को गरियाबंद निवासी इरफान वारसी से मुस्लिम रीति-रिवाज के तहत हुआ था। विवाह के बाद से ही पीड़िता को पति, सास और ननदों द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। हालात इतने बिगड़ गए कि उसे मायके कांकेर लौटना पड़ा।
इस बीच आरोपी इरफान ने दूसरी शादी कर ली और मोबाइल पर अपनी पहली पत्नी को “तलाक-तलाक-तलाक” कहकर रिश्ता तोड़ने की बात कही। इस कथित तीन तलाक की मोबाइल रिकॉर्डिंग पीड़िता ने पुलिस को सौंपी, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



