छतीसगढ़रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा की मुलाकात — छत्तीसगढ़ में स्पोर्ट्स साइंस, इंजरी रिकवरी और ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन पर होगा फोकस

CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता शूटर अभिनव बिंद्रा ने की मुलाकात, राज्य के खिलाडियों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से बनाए जाएंगे दक्ष

रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर की प्रशिक्षण सुविधा और वैज्ञानिक तकनीकों से दक्ष बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और भारत के अग्रणी निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान राज्य में खेलों के समग्र विकास के लिए ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन, स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी, और स्पोर्ट्स साइंस डेवलपमेंट जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

राज्य में शुरू होंगे अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन के कार्यक्रम

बिंद्रा ने जानकारी दी कि अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन देश के कई राज्यों में खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, रिकवरी और साइंस आधारित खेल विकास के कार्यक्रम चला रहा है। ये सभी सेवाएं निःशुल्क होती हैं और अब इन्हें छत्तीसगढ़ में भी लागू करने की दिशा में काम होगा।

खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स साइंस और टेक्नोलॉजी का उपयोग

बिंद्रा ने बताया कि आधुनिक खेल आज पूरी तरह विज्ञान पर आधारित हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ में स्पोर्ट्स साइंस सेंटर की स्थापना की जाएगी, जहां खिलाड़ियों की प्रतिभा की पहचान, कौशल विकास और प्रशिक्षण वैज्ञानिक तरीकों से किया जाएगा।

स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी सेंटर भी स्थापित होंगे

खेल के दौरान होने वाली चोटें खिलाड़ियों के करियर के लिए बड़ा खतरा होती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए बिंद्रा फाउंडेशन द्वारा छत्तीसगढ़ में स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी प्रोग्राम भी शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत खिलाड़ियों को फ्री सर्जरी, रिहैबिलिटेशन और मेडिकल केयर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए देशभर के 30 विशेषज्ञ चिकित्सकों का नेटवर्क पहले से तैयार है।

ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन से स्कूली स्तर पर होगी शुरुआत

छत्तीसगढ़ के स्कूली छात्रों में ओलंपिक मूल्यों — उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री — को विकसित करने के लिए विशेष कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही खेलों के प्रति रुचि और अनुशासन पैदा करना है।

खेलों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करा रही है। विशेषकर आदिवासी अंचलों में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि कोरवा जनजाति में तीरंदाजी की प्राकृतिक क्षमता को पहचानते हुए रायपुर और जशपुर में 60 करोड़ की लागत से दो आर्चरी अकादमी स्थापित की जा रही हैं। साथ ही, बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों में अब तक 1.65 लाख से अधिक खिलाड़ी भाग ले चुके हैं।

राज्य सरकार ने यह भी घोषणा की है कि ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक पर ₹3 करोड़, रजत पर ₹2 करोड़, और कांस्य पदक पर ₹1 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उपस्थित गणमान्यजन

इस अवसर पर खेल मंत्री टंकराम वर्मा, छत्तीसगढ़ युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, खेल सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम और डॉ. दिगपाल राणावत सहित कई अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!