
दुर्ग न्यूज धमाका – जिले के बोरसी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्टाफ रूम के दरवाजे के सामने तंत्र विद्या से जुड़ा सामान और कोयल की बलि दी हुई मिली। मौके पर खून के निशान, नींबू, सिंदूर और अजीबोगरीब चिन्ह देखकर छात्र और शिक्षक दोनों सहम गए।
घटना की जानकारी मिलते ही डीईओ अरविंद मिश्रा ने बीईओ राजेश्वरी चंद्राकर के जरिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पदमनाभपुर थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू करते हुए स्कूल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
शिक्षकों ने बच्चों के डर को दूर करने के लिए बैगा को बुलाकर टोटके की “काट” करवाई और पूजा-अर्चना भी करवाई।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश्वरी चंद्राकर ने कहा, “यह शरारती तत्वों की हरकत है, जिसका उद्देश्य अंधविश्वास फैलाना है। बच्चों और शिक्षकों को समझाकर स्थिति सामान्य कर दी गई है।”
फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



