
दुर्ग न्यूज धमाका – जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में 137 आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर सिल्ली थॉमस ने जनसामान्य से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकतर आवेदन जन्मतिथि में सुधार, अवैध कब्जा, नाली की निकासी, प्रदूषण, आर्थिक सहायता और आवासीय पट्टे से संबंधित रहे।
छात्रा की शिक्षा में बाधा बनी जन्मतिथि की त्रुटि
ग्राम रीवागहन (तहसील पाटन) निवासी एक छात्रा ने जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड में जन्मतिथि में त्रुटि के कारण शैक्षणिक दिक्कतें सामने रखीं। छात्रा ने बताया कि उसकी अंकसूची में जन्मतिथि 5 फरवरी 2010 है, जबकि जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड में यह गलत दर्ज है, जिससे प्रवेश और प्रमाणन में परेशानी हो रही है। इस पर संयुक्त कलेक्टर ने जनपद पंचायत पाटन के सीईओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ध्वनि और वायु प्रदूषण से परेशान वार्डवासी
वार्ड क्रमांक 10, दुर्ग के निवासी ने घर के पास संचालित वेल्डिंग दुकान से होने वाले ध्वनि और वायु प्रदूषण की शिकायत की। नागरिकों ने बताया कि सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मशीनों की तेज आवाज और लोहे की कटाई से उत्पन्न धुएं के कारण रोजमर्रा की जिंदगी और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर नगर निगम दुर्ग के आयुक्त को निरीक्षण एवं कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहे दो वार्ड
बघेरा वार्ड क्रमांक 56 और वार्ड 1 (मोहलाई रोड, बिजली ऑफिस के पास) के रहवासियों ने बताया कि नालियों की जल निकासी नहीं होने से बारिश में पानी घरों में घुस जाता है, जिससे बीमारियों और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। कीड़े-मकोड़ों का प्रकोप बढ़ने से मोहल्ले में रहना मुश्किल हो गया है। नागरिकों ने पहले भी पार्षद और नगर निगम को शिकायत दी थी, जिस पर अब संयुक्त कलेक्टर ने तत्काल निरीक्षण और हल के लिए निर्देश जारी किए।
137 आवेदनों पर हुई सुनवाई
जनदर्शन में शामिल अधिकांश नागरिकों ने आवास, भूमि सीमांकन, सहायता राशि, प्रमाण पत्र सुधार जैसी मांगों से संबंधित आवेदन दिए। संयुक्त कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे समयबद्ध तरीके से शिकायतों की जांच कर समाधान सुनिश्चित करें।
प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर निगम दुर्ग, रिसाली, भिलाई, खाद्य विभाग, और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशन में इस जनदर्शन का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य सीधी जनसुनवाई और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।

