
सरायपाली न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली नगर में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शीतला मंदिर के पास उस समय हुआ जब चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में जा रहे थे और बिजली के खंभे से टकरा गए।
हादसे में अनिस बाघ (पिता: प्रहलाद बाघ) और किशन भोई (पिता: राजकुमार भोई) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष बाघ (पिता: अहरलाद बाघ) और गोपाल प्रधान (पिता: नरेंद्र प्रधान) को तत्काल सरायपाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। चारों युवक महासमुंद जिले के बेलमुंडी गांव के निवासी थे और उनकी उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच थी।
इलाके में मातम, गांव में शोक की लहर
इस घटना से बेलमुंडी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। चार युवा साथ में निकले थे, लेकिन लौटे किसी की अर्थी बनकर। परिजन और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि बाइक में निर्धारित संख्या से अधिक लोग न सवार हों और तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।



