
गरियाबंद न्यूज धमाका – जिले के देवभोग थाना क्षेत्र से हृदय विदारक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। उरमाल गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। हादसे के बाद समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाई, जिससे तीनों घायलों ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार करीब 10 फीट दूर जाकर गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन नजदीकी अमलीपदर अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण यह सेवा 17 किलोमीटर दूर से पहुंची। करीब 40 मिनट की देरी के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी की सांसे थम चुकी थीं।
मृतकों की पहचान पंचायत सचिव छबि नायक, मूंगिया निवासी पूर्व जनप्रतिनिधि गणपति नायक और मुखागुड़ा निवासी महेश कश्यप के रूप में की गई है। तीनों को देवभोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी फैजुल हुडा शाह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कार क्रमांक CG 23N 6737 के आधार पर वाहन और चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल सेवाओं पर उठे सवाल
इस हादसे ने न केवल सड़क सुरक्षा बल्कि ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती, तो शायद तीनों की जान बचाई जा सकती थी।
17 महीनों में 34 मौतें
यह हादसा गरियाबंद जिले में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या की ओर भी संकेत करता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले 17 महीनों में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या अब 34 हो चुकी है।
