
कवर्धा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला केसली में सातवीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई के मामले ने जिला प्रशासन को हिला कर रख दिया है। छात्रों के बीच हुए झगड़े के बाद प्रधान पाठिका डेजी जॉय ने छात्र को कमरे में बंद कर पीटा, जिसकी शिकायत शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने जिला शिक्षा अधिकारी से की।
शिकायत के बाद जांच और खुलासे
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने दो सदस्यीय जांच दल गठित किया। जांच में पाया गया कि प्रधान पाठिका डेजी जॉय ने छात्रों के बीच हुए झगड़े को रोकने के बाद सातवीं कक्षा के छात्र को कमरे में बंद कर मारपीट की।
जांच में यह भी सामने आया कि
- शिक्षक मनोज वर्मा अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते थे और
- 22 अगस्त 2025 से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे।
- विद्यालय में सफाई व्यवस्था बेहद खराब थी और कई सुरक्षा मानक भी ध्वस्त पाए गए।
निलंबन की कार्रवाई
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी की अनुशंसा पर संयुक्त शिक्षा संचालक ने प्रधान पाठिका डेजी जॉय और शिक्षक मनोज वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन की कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत की गई है। अधिकारियों ने इसे गंभीर कदाचार की श्रेणी में माना है।
जिला प्रशासन की सख्ती
अधिकारियों ने साफ किया है कि शैक्षणिक संस्थानों में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में सभी स्कूलों की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।




