
कोरबा न्यूज धमाका – जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में टाटा सफारी वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिसमें सवार पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देर रात लगभग 3 बजे कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग के छुरी क्षेत्र में हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सफारी सवार पिता-पुत्र बिलासपुर से कोरबा लौट रहे थे। छुरी के पास तेज रफ्तार में चल रही सफारी सड़क पर खड़े एक बेतरतीब ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल छुरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के पीछे की लापरवाही
यह हादसा भी उन घटनाओं की कड़ी में शामिल हो गया है, जिनका कारण सड़क किनारे लापरवाही से खड़े किए गए भारी वाहन हैं। ट्रक बिना किसी चेतावनी संकेतक या रिफ्लेक्टर के सड़क किनारे खड़ा था, जो दुर्घटना का कारण बना।
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से यह स्पष्ट होता है कि राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।
