

सूरजपुर न्यूज धमाका – जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने घर के बाहर खेल रहे चार बच्चों को कुचल दिया, जिसमें दो मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
हादसा करमपुर गांव में हुआ
घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र के करमपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर के समय चार छोटे बच्चे घर के सामने खेल रहे थे। तभी एक सफेद अर्टिगा कार, जिसे कथित रूप से नशे में धुत चालक चला रहा था, तेज़ रफ्तार में बेकाबू होकर बच्चों को कुचलते हुए निकल गई।
इस हादसे में ढाई साल और तीन साल के दो बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दो अन्य घायल बच्चों को तत्काल नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
कार चालक गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और प्रथम दृष्टया शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई है। मामले की गहन जांच जारी है।
गांव में मातम का माहौल
घटना के बाद गांव में ग़म और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोग दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



