
बलौदाबाजार न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी नगर पंचायत में आयोजित भाजपा महिला मंडल के तीज मिलन कार्यक्रम के बाद सिद्धेश्वर मंदिर परिसर कचरे से पट गया। जलपान के बाद कार्यकर्ताओं ने खाने के डिब्बे, डिस्पोजल प्लेट, पत्तल और प्लास्टिक की बोतलें जगह-जगह छोड़ दीं।
प्रतिबंधित स्थल पर कार्यक्रम
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मंदिर राष्ट्रीय पुरातात्विक धरोहर के रूप में संरक्षित है, जहाँ किसी भी प्रकार के आयोजन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद यहां कार्यक्रम किया गया। ग्रामीणों ने इसे स्वच्छ भारत अभियान का मजाक बताते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के लोग ही सफाई को लेकर गंभीर नहीं हैं तो आम जनता से क्या उम्मीद की जा सकती है।
सीएम ने किया था स्वच्छता दीदियों का सम्मान
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर में आयोजित ‘स्वच्छता संगम’ कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया था। उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बनाई है और आगे भी इसे नई ऊँचाई पर ले जाने का संकल्प लिया।
