
बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़: बिलासपुर जिले के मल्हार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक देवर ने अपनी भाभी और भतीजी की हत्या कराने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी, लेकिन पुलिस ने साजिश को नाकाम कर दिया। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मल्हार के खईयापारा में रहने वाली सतरूपा श्रीवास और उनकी बेटी बृहस्पति श्रीवास शुक्रवार रात खाना खाने के बाद सो गई थीं। शनिवार सुबह जब सतरूपा ने पीछे का दरवाजा खोला, तो नकाबपोश दो युवकों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। पड़ोसियों की मदद से मां-बेटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया।
जांच में पता चला कि सतरूपा का पति SECL में नौकरी करता था और उसकी मौत के बाद पेंशन और बेटी की अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस ने हमलावरों नूतन कर्ष और टेकराम केंवट को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें देवर विष्णु प्रसाद श्रीवास और दामाद कृष्ण श्रीवास की साजिश उजागर हुई। सुपारी के बदले 5 लाख रुपये तय किए गए थे, जिसमें 70 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।
पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक और डंडे भी बरामद किए।



