
रायपुर न्यूज धमाका – निलंबित कर्मचारियों की सेवा बहाली को लेकर शिक्षा विभाग में मनमानी की शिकायत सामने आई है। जानकारी के अनुसार, निलंबित कर्मचारियों को शिक्षक विहीन और एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में बहाली न करके मनमाने स्थानों पर नियुक्त किया जा रहा था।
इस पर रोक लगाने के लिए लोक शिक्षण संचालक ने सभी संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को पत्र जारी किया है। पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि निलंबित कर्मचारियों की बहाली करते समय उनकी पदस्थापना केवल शिक्षक विहीन और एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में ही की जाए।
लोक शिक्षण संचालक ने इस निर्देश के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने को कहा है। यह कदम विभाग में बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने की दिशा में उठाया गया है।




