
धमतरी न्यूज धमाका – मगरलोड थाना क्षेत्र के राजपुर में निर्माणाधीन भारतमाला रायपुर–विशाखापटनम एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क पर बिना बैरिकेडिंग छोड़े गए मुरुम के ऊँचे ढेर से टकराकर खाई में जा गिरी। हादसे में गाड़ी मालिक सुखऊ राम पटेल (निवासी मेघा) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सभी लोग कुरूद जोरातराई से पटेल समाज की बैठक में शामिल होकर सिहावा से लौट रहे थे। राजपुर मोड़ के पास सड़क अवरुद्ध होने के कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया। टक्कर के बाद गाड़ी खाई में जा गिरी।
घायलों को तत्काल कुरूद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माणाधीन सड़क पर उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
