
कोरबा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोंगरा बस्ती में एक 40 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अश्वनी पाठक उर्फ पिंटू, निवासी अयोध्यापुरी-जैलगांव के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
खून से सना शव, चाकू से हमला
अश्वनी का खून से लथपथ शव भुसड़ीपारा सब-स्टेशन के पास बरामद हुआ। वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने शव देख कर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस, डॉग स्क्वाड, और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
दोपहर को निकला था घर से, साथ था एक परिचित
परिजनों के मुताबिक अश्वनी शुक्रवार दोपहर को बस्ती में रहने वाले मनोज बक्कल के साथ घर से निकला था। हत्या के बाद से मनोज लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है। इससे संदेह गहराता जा रहा है कि हत्या में किसी परिचित का ही हाथ हो सकता है।
फॉरेंसिक जांच जारी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के शरीर पर गहरे चाकू के निशान मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वारदात बेहद क्रूरता से अंजाम दी गई। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुराने विवाद की आशंका
पुलिस को आशंका है कि यह हत्या किसी पुराने विवाद का नतीजा हो सकती है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। कोरबा में हुई यह हत्या, एक बार फिर इलाके में सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े कर रही है।



