छतीसगढ़रायपुर

गरबा से आधी रात लौट रही युवती का घर के पास से अपहरण, फिर किया हत्या का प्रयास, ऑटो से भागकर पीड़िता ने बचाई जान

रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी रायपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक 21 वर्षीय युवती का घर के बाहर से अपहरण कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। यह युवती अपनी सहेली के साथ गरबा खेलकर लौटी थी और जैसे ही उसने घर के बाहर मोपेड खड़ी की, आरोपी विशेष सिंह वहां पहुंचा और जबरन उसे अपने साथ ले गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़िता एमबीए की पढ़ाई कर रही है। आरोपी विशेष सिंह, जो बीरगांव का रहने वाला है और पीड़िता का सहपाठी है, पहले दोनों में बातचीत होती थी, लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया था। विशेष ने इसी गुस्से में युवती को अपहरण कर उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।

सोमवार की रात, पीड़िता अपनी सहेली के साथ गरबा कार्यक्रम में शामिल होने गई थी और देर रात घर लौटी। घर के बाहर उसने अपनी मोपेड खड़ी की और जैसे ही वह अंदर जा रही थी, तभी विशेष वहां आया। उसने अचानक युवती को खींचा और जबरन मोपेड पर बिठाकर उसे अपने साथ ले गया।

युवती लगातार विरोध करती रही, लेकिन विशेष ने उसे धमकाकर चुप करा दिया। वह उसे रामनगर अंडरब्रिज तक ले गया, जहां युवती ने फिर से विरोध किया। इस पर विशेष ने मोपेड रोककर उसे थप्पड़ मारा और उसका मोबाइल छीन लिया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके।

इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को पंडरी के श्याम प्लाजा इलाके में सुनसान गलियों में ले जाकर उसके सिर पर किसी भारी चीज से वार किया। युवती ने मदद के लिए चीख-पुकार मचाई और मौका पाकर आरोपी को धक्का देकर वहां से भाग निकली। वह दौड़ते हुए पास ही खड़ी एक ऑटो में बैठ गई और पंडरी से दूर निकल गई।

राहगीर से मांगा माेबाइल फिर भाई को किया फोन

ऑटो में बैठने के बाद युवती के पास पैसे नहीं थे, इसलिए उसने ऑटो चालक से जयस्तंभ चौक पर छोड़ने की बात कही। जयस्तंभ चौक पहुंचने के बाद, वह वहां आधे घंटे तक खड़ी रही, फिर हिम्मत जुटाकर एक राहगीर से मोबाइल मांगा। उसने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। फोन मिलते ही भाई अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया और उसे सुरक्षित घर ले आया। इसके बाद पीड़िता गुढ़ियारी थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी विशेष सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि युवती के बयान और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है, और पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!