
12 जुलाई 2026 //
कवर्धा न्यूज़ धमाका – कवर्धा जिले में आयोजित कृषक संगोष्ठी में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवीन गन्ना किसानों को शेयर प्रमाण पत्र वितरित किए
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के गन्ना किसानों को सहकारिता से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन गन्ना किसानों को शेयरधारी बनाया गया। कवर्धा जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज इंडोर स्टेडियम में आयोजित नवीन गन्ना किसानों को शेयर प्रमाण पत्र वितरण एवं कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने किसानों को शेयर प्रमाण पत्र वितरित किए और सहकारी शक्कर कारखाने को मजबूत बनाने में किसानों की भूमिका पर जोर दिया।

अधिक किसान जुड़ेंगे तो मजबूत होगा शक्कर कारखाना
कार्यक्रम में जिले के बड़ी संख्या में गन्ना किसान, शेयरधारी किसान और शक्कर कारखाने के अधिकारी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसान शक्कर कारखाने के शेयरधारी बनेंगे तो कारखाने को पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध होगा, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और इसका लाभ सीधे किसानों को मिलेगा।
किसानों की भागीदारी से आत्मनिर्भर बनेगा शक्कर कारखाना- शर्मा
उन्होंने शेयरधारी किसानों से अपील करते हुए कहा कि, वे अपना गन्ना शक्कर कारखाने को ही उपलब्ध कराएं, ताकि कारखाने की आय में वृद्धि हो और सहकारिता की भावना को और मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि, किसानों की सक्रिय भागीदारी से ही सहकारी शक्कर कारखाना आत्मनिर्भर बनेगा और आने वाले समय में किसानों को बेहतर सुविधाएं एवं अधिक लाभ मिल सकेंगे
किसानों को मिलेगी कारखाने से जुड़ी हर जानकारी
कार्यक्रम के दौरान शक्कर कारखाने के आधिकारिक यूट्यूब चैनल का शुभारंभ भी किया गया। इस डिजिटल माध्यम के जरिए गन्ना किसानों को खेती से संबंधित जानकारी, गन्ना खरीदी प्रक्रिया, भुगतान, सरकारी योजनाओं और कारखाने की गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने सहकारिता को मजबूत बनाने और शक्कर कारखाने की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर किसानों ने शेयरधारी बनने को लेकर उत्साह भी जताया।

