छतीसगढ़राजिम

गांवों के विकास का रोडमैप तैयार, विधायक रोहित साहू ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा फिंगेश्वर में सरपंच संघ की बैठक

09 जुलाई 2026 //

राजिम न्यूज़ धमाका – जनपद पंचायत फिंगेश्वर में सरपंच संघ की बैठक आयोजित हुई। विधायक और जनपद अध्यक्ष की मौजूदगी में पंचायतों के अधिकार और मूलभूत सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई

जनपद पंचायत फिंगेश्वर के सरपंच संघ द्वारा 7 जुलाई को रेस्ट हाउस, फिंगेश्वर में एक ऐतिहासिक एवं गरिमामयी विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राजिम विधानसभा के विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि तथा जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जनपद क्षेत्र के बड़ी संख्या में सरपंचों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पंचायतों की एकजुटता, विकास के प्रति प्रतिबद्धता तथा जनहित के प्रति अपने संकल्प का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान के साथ हुआ। इसके पश्चात सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि, ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव हैं और गांवों के समग्र विकास की जिम्मेदारी पंचायतों के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि, सरपंच पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से विकास कार्यों को गति देना चाहते हैं, पंचायतों को पर्याप्त अधिकार, सहयोग और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था मिले तो गांवों का विकास और अधिक तेज़ी से संभव है।

निर्माण कार्यों से लेकर मूलभूत सुविधाओं पर हुआ मंथन

बैठक में उपस्थित सरपंचों ने अपने-अपने ग्राम पंचायतों की समस्याओं एवं सुझावों को विस्तार से रखा। निर्माण कार्यों के एस्टीमेट शासकीय एस.ओ.आर. के अनुरूप तैयार करने, तकनीकी स्वीकृतियों में पारदर्शिता, मूल्यांकन की निष्पक्ष प्रक्रिया, विभागीय समन्वय, ऑनलाइन प्रक्रियाओं का सरलीकरण, निर्माण कार्यों की समयबद्ध स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पंचायत भवनों के उन्नयन, पेयजल, सड़क, सामुदायिक भवन, खेल मैदान, अधोसंरचना विकास तथा ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक विषयों पर गंभीर चर्चा की गई।


 
VB-GRAM JI YOJNA के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

बैठक में 01 जुलाई 2026 से लागू VB-GRAM JI YOJNA के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष चर्चा हुई। सरपंचों ने कहा कि, यह योजना ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने मांग की कि, योजना का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचे तथा ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही योजना के सफल संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया।
 
पंचायतों के अधिकार और विकास कार्यों को लेकर रखीं प्रमुख मांगें

इस अवसर पर सरपंच संघ द्वारा पंचायतों एवं ग्रामीण जनता के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों का विस्तृत मांगपत्र विधायक रोहित साहू एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू को सौंपा गया। मांगपत्र में पंचायतों को विकास कार्यों में प्राथमिकता, निर्माण कार्यों में अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं को समाप्त करने, तकनीकी अधिकारियों द्वारा पारदर्शी एवं सहयोगात्मक कार्यप्रणाली अपनाने, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों को लाभ दिलाने, पंचायत स्तर पर खेल मैदान एवं आवश्यक अधोसंरचना के विकास, सरपंच संघ भवन के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण, पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा तथा VB-GRAM JI YOJNA के प्रभावी संचालन सहित अनेक महत्वपूर्ण मांगें शामिल थीं।

चायतों को मजबूत बनाए बिना गांवों का समग्र विकास संभव नहीं- विधायक

विधायक रोहित साहू ने अपने संबोधन में कहा कि, ग्राम पंचायतें प्रदेश के विकास की आधारशिला हैं और सरपंच जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों को मजबूत बनाए बिना गांवों का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने सरपंच संघ द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों एवं शासन स्तर पर आवश्यक पहल करने तथा पंचायतों के विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंचायतों के हितों की रक्षा और ग्रामीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
 
समन्वय और पारदर्शिता पर दिया जोर

जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि, पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पंचायतों के साथ समन्वय बनाकर पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने का आग्रह किया तथा आश्वस्त किया कि जनपद स्तर पर सरपंचों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
 
सरपंच संघ को मजबूत बनाने का संकल्प

बैठक में सरपंच संघ के संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, सभी सरपंचों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने, पंचायतों की समस्याओं को सामूहिक रूप से शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने तथा ग्राम विकास को नई गति देने के लिए सभी ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
 
बैठक के निर्णय पंचायतों को सशक्त बनाने में निभाएंगे अहम भूमिका- हरीश

कार्यक्रम के अंत में सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित सरपंचों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, यह बैठक केवल समस्याओं को रखने का मंच नहीं, बल्कि ग्राम विकास की नई दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर रही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि, बैठक में लिए गए निर्णय एवं प्रस्तुत मांगपत्र भविष्य में पंचायतों को अधिक सशक्त बनाने तथा ग्रामीण विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
 
एकजुटता और सहभागिता को बताया सफलता की कुंजी

अंत में सरपंच संघ की ओर से इस ऐतिहासिक एवं सफल आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जनपद पंचायत फिंगेश्वर के समस्त सरपंच साथियों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। सभी सरपंचों की सक्रिय सहभागिता, एकजुटता, अनुशासन एवं ग्राम विकास के प्रति समर्पित भावना को इस बैठक की सबसे बड़ी सफलता बताया गया। सभी ने विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के निर्माण, पारदर्शी प्रशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का सामूहिक संकल्प दोहराया

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!