छतीसगढ़धरसीवां

04 जून 2026 पुलिस को दिया 12 घंटे का अल्टीमेटम नाबालिग से गैंग रेप के आरोप पर सियासत तेज, कांग्रेस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर , कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

धरसीवां न्यूज़ धमका –   रायपुर के धरसीवां क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची से कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा नेताओं द्वारा उठाए गए इस मामले को अब कांग्रेस ने भी प्रमुखता से उठाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और संबंधित पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग करते हुए बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

डेढ़ माह पहले लापता हुई थी नाबालिग

धरसीवां क्षेत्र के एक गांव से करीब डेढ़ माह पहले एक नाबालिग बच्ची लापता हो गई थी। मामले में पुलिस ने अपहरण की धारा के तहत अपराध दर्ज किया था। हालांकि अगले ही दिन बच्ची वापस घर लौट आई थी। इसके बाद उसके बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए थे।

भाजपा नेत्री ने लगाए गंभीर आरोप

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब करीब डेढ़ माह बाद भाजपा नेत्री, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति सरोज चंद्रवंशी ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म होने का आरोप लगाया। साथ ही सिलयारी चौकी प्रभारी पर पीड़िता और उसके परिवार को डराने-धमकाने तथा रिपोर्ट दर्ज नहीं करने के गंभीर आरोप भी लगाए।

इस दौरान जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू राजेंद्र बंजारे भी मौजूद रहे। ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

कांग्रेस ने खोला मोर्चा

मंगलवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरसीवां में प्रदर्शन कर सीएसपी माना लंबोदर पटेल को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को 12 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, पीसीसी पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष भावेश बघेल, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू राजेंद्र बंजारे, ऊधोराम वर्मा, दुर्गेश वर्मा और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष वर्मा सहित अन्य नेताओं ने सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस बोली- हुई है विधिसम्मत कार्रवाई

इधर मामले को लेकर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और माना सीएसपी लंबोदर पटेल का कहना है कि पुलिस ने पूरी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही तत्काल मामला दर्ज किया गया था और उसके वापस लौटने के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी दर्ज कराए गए थे।

पुलिस का कहना है कि अब सामूहिक दुष्कर्म के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी भी विधिसम्मत जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा के बाद कांग्रेस भी हुई आक्रामक

मामले की सबसे अहम बात यह है कि शुरुआत में भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन अब कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर आई है। ऐसे में यह मामला कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे से आगे बढ़कर राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में जांच की दिशा और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

CG SADHNA PLUS NEWS

Chhattisgarh News Dhamaka Team

स्टेट हेेड छत्तीसगढ साधना प्लस न्यूज ( टाटा प्ले 1138 पर ) , चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // जिला उपाध्यक्ष प्रेस क्लब कोंडागांव ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता // हमारे YOUTUBE चैनल से भी जुड़ें CG SADHNA PLUS NEW

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!