
बलरामपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस रायगढ़ से यात्रियों को लेकर झारखंड जा रही थी। कदौरा मिशन स्कूल के पास बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही दौरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, बस की रफ्तार अधिक होने या सड़क पर फिसलन के कारण यह दुर्घटना हुई हो सकती है।



