
केशकाल न्यूज़ धमाका – रविवार दोपहर नेशनल हाईवे 30 पर केशकाल घाट के नीचे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नारायणपुर से रायपुर की ओर जा रही तेज़ रफ्तार हाइवा ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही इनोवा कार को टक्कर मार दी। इसके बाद हाइवा बेकाबू होकर आगे बढ़ी और सामने जा रहे 1109 मालवाहक वाहन से जा भिड़ी।
हादसा इतना भीषण था कि कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। हाइवा चालक को हल्की चोटें आईं, जबकि अन्य वाहन सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद हाइवा ट्रक पुल की रेलिंग से टकरा गया, जिससे उसका आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही केशकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभाला।
वर्तमान में पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
