
रायपुर न्यूज धमाका – रायपुर की पहली महिला विधायक और समाजसेवी स्व. रजनी ताई उपासने का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज पुलिस लाइन स्थित उनके निवास पर पहुँचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
CM साय ने किया योगदानों का स्मरण
मुख्यमंत्री साय ने रजनी ताई के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा,
“रजनी ताई का निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। आपातकाल के कठिन दौर में उन्होंने साहस और धैर्य का परिचय दिया। रायपुर के विकास और जनता के हितों के लिए उनका समर्पण अविस्मरणीय है। उनकी सादगी, ईमानदारी और समाज से गहरा जुड़ाव उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाता है।”
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी।
1977 में बनीं रायपुर की पहली महिला विधायक
रजनी ताई उपासने ने वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर रायपुर की पहली महिला विधायक बनने का गौरव हासिल किया था। उस समय जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बहुत कम थी, तब जनता का विश्वास जीतना उनके साहस, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक माना गया।
समाजसेवा में भी रहीं सक्रिय
राजनीति के साथ-साथ रजनी ताई महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर सक्रिय रहीं। उनका जीवन समाजसेवा, सादगी और जनसेवा के आदर्शों से परिपूर्ण था।



