
रायपुर न्यूज धमाका – रायपुर में 70 एकड़ जमीन के सौदे में धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। एक अनाज कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया है।
क्या है मामला?
चौबे कॉलोनी निवासी शशिकांत तिवारी (55) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपियों ताजदार खान, संजीत जांगड़े और अन्य लोगों ने महासमुंद पटेवा की जमीन का सौदा दिखाकर उनसे 1.05 करोड़ रुपये ले लिए।
शुरुआत में दलालों ने किसानों का इकरारनामा दिखाकर नकद और ऑनलाइन भुगतान लिया। इसके बाद खरीदारों ने सीधे किसानों से मिलकर इकरारनामा किया, जिसमें ताजदार खान और संजीत जांगड़े गवाह बने।
लेकिन इसके बाद भी न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे वापस किए गए। आरोपियों द्वारा दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
आरंग में किसी और को बेचने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, जब पता चला कि उक्त जमीन का सौदा आरंग में किसी और व्यक्ति को बेचने के लिए हो रहा है, तब पीड़ित कारोबारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
किसानों और जमीन की जानकारी
आरोपियों ने 40 किसानों की 67.45 एकड़ जमीन का सौदा दिखाया था। यह सौदा 5 जून 2024 को सिविल कोर्ट रायपुर में नोटरी भी हुआ, लेकिन उसके बाद से मामला अटक गया।
पुलिस की कार्रवाई
सिविल लाइंस पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



