
कोंडागांव न्यूज धमाका – शहर के मुख्य बस स्टैंड के सामने शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गणेश झांकी और विसर्जन जुलूस के दौरान एक युवक डिवाइडर पार करते समय करंट की चपेट में आ गया। युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एनएच-30 के डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे और लोहे के हिस्से में करंट दौड़ रहा था। जैसे ही युवक ने डिवाइडर पार करने की कोशिश की, वह करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा।
बिजली विभाग और NHAI की लापरवाही उजागर
सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुँचे। बिजली सप्लाई तुरंत बंद कर दी गई और बताया गया कि डिवाइडर का निर्माण NHAI (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) द्वारा कराया गया था, जिससे फॉल्ट का पता लगाने में दिक्कत हो रही है। एहतियातन पूरी डिवाइडर लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है।
बिजली विभाग ने कहा है कि रविवार सुबह विस्तृत जांच के बाद ही सप्लाई बहाल की जाएगी।



