छतीसगढ़रायपुर

केंद्रीय वन मंत्री से मिले केदार: बोले- बस्तर में आदिवासियों के सर्वांगीण विकास और इको-टूरिज्म पर हुई चर्चा

रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच बस्तर के आदिवासियों के सर्वांगीण विकास, वन आधारित उद्योगों और इको-टूरिज्म को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मंत्री कश्यप ने भूपेंद्र यादव को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया और उन्हें वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस्तर अब नक्सलमुक्त हो चुका है और यहां के आदिवासी युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए वन आधारित उद्योगों की स्थापना और कौशल विकास कार्यक्रमों पर बल दिया गया।

इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। कश्यप ने इंद्रावती, कांगेर घाटी, तीरथगढ़ और चित्रकोट जैसे प्राकृतिक स्थलों को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी तैयार होंगे।

मुलाकात के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान और हाथी-मानव द्वंद्व जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। मंत्री कश्यप ने केंद्रीय मंत्री से इन विषयों पर सहयोग की अपेक्षा जताई।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार आदिवासियों के विकास और प्रदेश की प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के लिए कृतसंकल्पित है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी आश्वासन दिया कि बस्तर और अन्य वन क्षेत्रों के विकास में केंद्र सरकार हर संभव सहयोग करेगी।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!