
राजनांदगांव न्यूज धमाका – जिले के टेडेसरा के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. प्रकाश खूंटे की पत्नी दीप्ति खूंटे समेत तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से आरोग्यं अस्पताल, दुर्ग टोल प्लाज़ा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ऐसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में दीप्ति खूंटे अपनी कार से दुर्ग से राजनांदगांव की ओर जा रही थीं। इसी दौरान हाईवे पर अचानक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और विपरीत दिशा से जा रहे ट्रक के पिछले हिस्से से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
तुरंत मिला इलाज
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार में फंसी महिलाओं को बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, फिलहाल हालत स्थिर है। हादसे की खबर मिलते ही डॉ. खूंटे स्वयं अस्पताल पहुंचे और उपचार कर रही टीम से जानकारी ली।
हाईवे पर मवेशियों से बढ़ रहे हादसे
दुर्ग-राजनांदगांव मार्ग पर मवेशियों के कारण सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और अचानक पशुओं का सड़क पर आ जाना बड़ी समस्या बन गया है। कई बार चेतावनी बोर्ड और स्पीड लिमिट तय किए जाने के बावजूद हादसे कम नहीं हो रहे।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और कार एवं ट्रक को कब्जे में लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला सड़क दुर्घटना का है, लेकिन पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
