
बलौदाबाजार न्यूज धमाका – जिले के ग्राम ढाबाडीह स्थित नंदलाल फ्यूल पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी खुद को मंत्री का भतीजा बताकर रौब झाड़ रहा था।
प्रार्थी विनोद दुबे, निवासी ग्राम ठेलकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 अगस्त की रात करीब 11 बजे आरोपी आशीष बघेल अपने साथियों के साथ पेट्रोल पंप आया और उसे पास के ढाबे के पास खड़े ट्रक के पास बुलाया। वहां तीनों ने गाली-गलौज करते हुए कहा—“पेट्रोल भरवाने पर तुम खुद को बहुत होशियार समझते हो”—और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ, मुक्के और बेल्ट से हमला किया, जिससे विनोद के हाथ, पीठ और पैरों में चोट आई।
पुलिस ने मामला अपराध क्रमांक 756/2025 धारा 296, 351(2), 115(2), 118(2), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की। गिरफ्तार आरोपी हैं—
- कृष्णा वर्मा उर्फ राजा वर्मा (43), निवासी ग्राम चांपा थाना पलारी
- आशीष बघेल (43), निवासी ग्राम सेम्हराडीह थाना सुहेला
- भीम साहू (26), निवासी ग्राम सेम्हराडीह थाना सुहेला
एएसपी अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि आशीष बघेल मंत्री के गांव का रहने वाला है, लेकिन उसका मंत्री से कोई रिश्तेदारी नहीं है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



