
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने नारकोटिक एक्ट के तहत हेरोइन सप्लाई नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 पेडलर्स समेत कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। इस कार्रवाई का खुलासा एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने मंगलवार को किया।
पहली कार्रवाई: टिकरापारा क्षेत्र में नेटवर्क का भंडाफोड़
4 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना टिकरापारा की संयुक्त टीम ने पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते आने वाले ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े 9 आरोपियों को पकड़ा था। इनके पास से करीब 1 करोड़ रुपये की हेरोइन, एक क्रेटा कार, मोबाइल फोन, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड व चेकबुक जब्त किए गए।
पूछताछ में सामने आए नामों के आधार पर पुलिस ने हेरोइन की बिक्री करने वाले 8 पेडलर्स को भी गिरफ्तार किया, जो रायपुर व आसपास के इलाकों में ड्रग्स की सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार पेडलर्स में शामिल हैं:
मुजम्मिल खान उर्फ बाबा, छत्रपति अम्भोरे उर्फ ददु, रितुराज ठाकुर, हुसैन खान उर्फ मुर्गी, मोहम्मद फोरात अब्बास, शिशिर राय, संतोष धनवानी और सैय्यद आसीफ अली।
दूसरी कार्रवाई: कोतवाली क्षेत्र में महिला समेत 3 पकड़े गए
11 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व कोतवाली पुलिस ने नेहरू नगर स्थित बूढ़ातालाब कंटेनर के पास से 1 महिला और 2 पुरुषों को 6.42 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। ये लोग ग्राहक की तलाश में थे।
गिरफ्तार आरोपी हैं— मोहम्मद जाहिद, साहिल रज़ा और अफजिया अख्तर उर्फ मेहक। इनके पास से 3 मोबाइल फोन भी जब्त हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये है।
पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है और आरोपियों से आगे की पूछताछ में और भी नाम सामने आ सकते हैं।



