
रायपुर न्यूज धमाका – नेहरू नगर स्थित बूढ़ातालाब कंटेनर के पास पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को 6.42 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों में मोहम्मद जाहिद (33), साहिल रज़ा (25) और अफजिया अख्तर उर्फ मेहक (21) शामिल हैं, जो रायपुर के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को 11 अगस्त को सूचना मिली थी कि तीन लोग मादक पदार्थ बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।
तलाशी में उनके पास से 6.42 ग्राम चिट्टा और घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन (कुल कीमत लगभग ₹1.20 लाख) बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क पंजाब के अंतर्राज्यीय तस्करों और रायपुर के स्थानीय सप्लायरों के गठजोड़ से जुड़ा हुआ है। एक हफ्ते पहले भी थाना टिकरापारा क्षेत्र से ऐसे ही नेटवर्क के 9 आरोपी 412 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किए गए थे।



