
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी रायपुर एयरपोर्ट पर रविवार रात एक अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब दिल्ली से रायपुर आई एयर इंडिया की फ्लाइट का मुख्य गेट तकनीकी खराबी के कारण नहीं खुल पाया। परिणामस्वरूप करीब 160 यात्री, जिनमें बिलासपुर के कोटा से विधायक अटल श्रीवास्तव भी शामिल थे, विमान के अंदर करीब एक घंटे तक फंसे रहे।
लैंडिंग के बाद गेट खोलने की कोशिश की गई, लेकिन केबिन स्क्रीन पर दरवाजे से जुड़ा कोई सिग्नल नहीं मिला। इससे यात्रियों में हलचल और चिंता का माहौल बन गया। एयरलाइन कर्मियों ने कई प्रयासों के बाद गेट को खोला और यात्रियों को बाहर निकाला।
यात्रियों का कहना है कि लंबे इंतजार के दौरान फ्लाइट में घुटन और असुविधा की स्थिति बन गई थी। एयर इंडिया की ओर से तकनीकी गड़बड़ी की पुष्टि की गई है और जांच की प्रक्रिया जारी है।



