
बिलासपुर न्यूज धमाका – रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई, जब एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) पर ड्यूटी कर रहा टिकट एजेंट शराब के नशे में यात्रियों से अभद्र व्यवहार करने लगा।
आरोपी टिकट एजेंट की पहचान लोकेश कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह टिकट लेने आए यात्रियों से गाली-गलौज कर रहा था और उनसे उलझ रहा था। घटना के दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
एक यात्री ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे यात्रियों में आक्रोश फैल गया है।
यात्रियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल असुविधा और तनाव पैदा करती हैं, बल्कि रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।



