
रायगढ़ न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बच्चा चोरी की सनसनीखेज वारदात में ग्रामीणों ने एक युवक को रंगे हाथ पकड़कर रातभर जमकर पीटा। मामला जूट मिल थाना क्षेत्र के टिकरापारा का है।
परिजनों के मुताबिक, बीती रात करीब 2 बजे आरोपी घर में घुसकर 10 महीने के बच्चे को बोरी में भरने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान बच्चा अपनी दादी के साथ कमरे में सो रहा था। बच्चे की हल्की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और युवक को मौके पर दबोच लिया।
3.5 लाख में बेचने की थी योजना
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सुरेश मुंडा, निवासी सुंदरगढ़ (उड़ीसा) बताया। उसने कबूल किया कि बच्चे को उड़ीसा में कृष्णा नामक शख्स के पास बेचने की योजना थी, जिसके लिए साढ़े 3 लाख रुपये में सौदा हुआ था।
परिजनों ने बताया कि आरोपी के साथ कुछ और लोग भी थे, जो मौके से भाग निकले। हालांकि पुलिस का कहना है कि वह अकेला ही था।
गुस्साए ग्रामीणों की कार्रवाई
गांव वालों ने आरोपी के हाथ-पैर बांध दिए और सुबह तक उसकी पिटाई करते रहे। सुबह होते ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके बताए गए दूसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है। बच्चे को सुरक्षित परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।



