
गरियाबंद न्यूज धमाका – जिले के छुरा ब्लॉक स्थित अकलवारा हाईस्कूल में शनिवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब छात्रों और उनके पालकों ने प्रिंसिपल जेपी वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। आरोप है कि प्रिंसिपल ने परीक्षा परिणामों में मनमानी कर पास छात्रों को जानबूझकर फेल कर दिया है, जिससे बच्चों के भविष्य पर संकट मंडरा गया है।
परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी, छात्रों का आरोप
11वीं कक्षा के छात्रों का कहना है कि उनकी उत्तरपुस्तिकाओं में छेड़छाड़ कर अंक काटे गए हैं और कई ऐसे छात्र जो पास थे, उन्हें जानबूझकर फेल घोषित कर दिया गया। छात्रों ने इस मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर से भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पालकों ने जताया आक्रोश, किया प्रदर्शन
न्याय न मिलने से नाराज़ पालक शनिवार सुबह स्कूल पहुंचे और गेट पर ताला जड़कर नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू कर दिया। पालकों का कहना है कि जब तक दोषी प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, वे स्कूल में ताला बंद रखेंगे और आंदोलन जारी रहेगा।
छात्राओं से अभद्र व्यवहार का भी आरोप
प्रदर्शन कर रहे पालकों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रिंसिपल द्वारा छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है, जिसकी जानकारी कई बार स्कूल प्रबंधन को दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
समाचार लिखे जाने तक न तो शिक्षा विभाग और न ही स्थानीय प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा था। इससे नाराज़गी और भी बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
छात्रों और अभिभावकों का यह प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं, तो यह न केवल प्रशासन की असंवेदनशीलता दर्शाता है बल्कि शिक्षा के साथ धोखा भी साबित होता है।


