
बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक गंभीर आपराधिक वारदात सामने आई है। पूर्व विधायक शैलेष पांडेय को एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। धमकी देने वाले ने फिरौती न देने पर दिल्ली में पढ़ाई कर रही पूर्व विधायक के रिश्तेदार की बेटी को अगवा करने की धमकी दी।
फोन पर दी धमकी, खुद को बताया ‘बच्चू झा’
मिली जानकारी के अनुसार, यह कॉल बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे आया। कॉल पहले पूर्व विधायक की पत्नी ऋतु पांडेय ने रिसीव किया। फोन करने वाले ने शैलेष पांडे से बात करने की जिद की और फिर कहा कि अगर 20 लाख रुपये नहीं दिए गए, तो दिल्ली में पढ़ाई कर रही मंजू पांडेय को उठवा लिया जाएगा। कॉल करने वाले ने अपना नाम ‘बच्चू झा’, बिहार निवासी बताया।
पुलिस और साइबर सेल सक्रिय
धमकी भरे फोन के बाद पूर्व विधायक ने तुरंत एसएसपी रजनेश सिंह को सूचना दी और फिर थाने पहुंचकर सकरी थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में धारा 296 और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के साथ साइबर सेल भी कॉल की लोकेशन ट्रेस करने और नंबर की पहचान में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की उम्मीद है।
पूर्व विधायक ने जताई चिंता, की सुरक्षा की मांग
पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने इस घटना को गंभीर चिंता का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि जब परिवार की सुरक्षा को लेकर इस तरह की धमकियाँ मिलें, तो यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं रहता, बल्कि सार्वजनिक प्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
राजनीतिक हलकों में भी हलचल
यह मामला सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
