
बालोद न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को वन विभाग की निरीक्षण टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में डिप्टी रेंजर समेत चार वनकर्मी घायल हो गए हैं। टीम पर यह हमला उस समय हुआ, जब वह डौंडी वन परिक्षेत्र के पेंवारी गांव स्थित कक्ष क्रमांक 156 में पर्रकुलेशन टैंक का निरीक्षण करने पहुंची थी।
50 से 60 ग्रामीणों ने किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिप्टी रेंजर, एक वनपाल और दो फॉरेस्ट गार्ड की टीम निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची थी। उसी दौरान लगभग 50 से 60 की संख्या में ग्रामीणों ने अचानक टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ड्राइवर और दो चौकीदार ने किसी तरह टीम को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।
महिलाएं भी हमले की शिकार
घटना के दौरान कक्ष क्रमांक 156 में कार्यरत 5-7 ग्रामीण महिलाएं भी मौजूद थीं, जो हमले की चपेट में आ गईं। सभी को चोटें आईं, लेकिन वे भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं।
घायलों का उपचार, FIR दर्ज की गई
हमले में घायल वनकर्मियों को डौंडी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, वन विभाग ने डौंडी थाना में ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। दूसरी ओर, कुछ ग्रामीण भी थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन थोड़ी देर बाद वापस लौट गए।
वन विभाग की प्रतिक्रिया
डौंडी वन परिक्षेत्र के रेंजर जीवन भोंडेकर ने बताया,
“पर्रकुलेशन टैंक के निरीक्षण के लिए टीम को भेजा गया था, लेकिन वहां ग्रामीणों ने बिना किसी पूर्व चेतावनी के हमला कर दिया। यह बहुत गंभीर मामला है, हम कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।“
क्या है पर्रकुलेशन टैंक?
पर्रकुलेशन टैंक एक जल संरक्षण संरचना होती है, जिसे जल स्तर बढ़ाने और वन क्षेत्र में नमी बनाए रखने के लिए बनाया जाता है। कई बार ग्रामीण इस निर्माण को लेकर असहमति या गलतफहमी के चलते विरोध करते हैं।



