
रायगढ़ न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से सामने आए एक दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर केस की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पत्नी और दो बच्चों की बेरहमी से हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उनका पति ही निकला। आरोपी पति ने अपने दोस्त को हत्या की सुपारी दी थी, जिसके बदले में उसे पांच डिसमिल जमीन और नकद राशि देने का लालच दिया गया था।
बदबू ने खोला राज
22 मई को ग्राम कीदा के सरपंच ने छाल थाने में शिकायत की थी कि महेंद्र साहू के घर से तेज दुर्गंध आ रही है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दरवाजा तोड़ने पर भीतर खाट पर सुकांति साहू (35), पुत्र युगल (15) और पुत्री प्राची (12) के सड़े-गले शव मिले। तीनों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या की गई थी।
पत्नी से झगड़ों और लालच ने बनाया हैवान
जांच में पता चला कि महेंद्र साहू का अपनी पत्नी से आए दिन विवाद होता था। वह दोस्तों के साथ शराब की पार्टी करता, जो पत्नी सुकांति को नागवार था। महेंद्र ने अपने दोस्त भागीरथी राठिया को पत्नी और बच्चों को खत्म करने के लिए तैयार किया। सुपारी में जमीन और मुआवजे से हिस्सा देने का वादा किया गया।
ऐसे रची गई खौफनाक साजिश
महेंद्र ने पहले से घर का दरवाजा इस तरह ढीला कर दिया था कि वह बाहर से आसानी से खुल सके। 19 मई की रात, महेंद्र जानबूझकर गांव से बाहर गया और उसी रात भागीरथी ने घर में घुसकर टांगी से पहले पत्नी, फिर बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। बाद में शवों को उसी हाल में छोड़ दिया गया।
साक्ष्य और कबूलनामे से जुड़ती गई कड़ियाँ
भागीरथी के मेमोरेंडम पर हत्या में प्रयुक्त टांगी, और महेंद्र के बताने पर दरवाजा ढीला करने वाली लोहे की रॉड बरामद की गई। आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 103(1), 61(2), और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
टीमवर्क से बड़ा खुलासा
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल और एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में यह हत्याकांड सुलझाया गया। इस ऑपरेशन में छाल, घरघोड़ा, खरसिया थाना, साइबर सेल, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की 8 से अधिक टीमों ने बेहतरीन तालमेल के साथ काम किया। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज सहित टीम के हर सदस्य ने इस नृशंस वारदात की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
इस हत्याकांड से जुड़े प्रमुख बिंदु:
- मृतक: सुकांति साहू (35), पुत्र युगल (15), पुत्री प्राची (12)
- मुख्य आरोपी: महेंद्र साहू (पति), भागीरथी राठिया (मित्र)
- मकसद: पारिवारिक कलह + संपत्ति और पैसों का लालच
- हथियार: टांगी, लोहे की रॉड
- वारदात: 19 मई की रात
- गिरफ्तारी: 27 मई को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया



