
बिलासपुर न्यूज धमाका – बिलासपुर में एक फार्मेसी की छात्रा के साथ सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती, फिर प्यार और शादी का झांसा देकर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोपी IIM लखनऊ का छात्र बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की शिकायत पर खुलासा हुआ कि युवक ने उसका न्यूड वीडियो बनाकर उसे धमकाया और मानसिक प्रताड़ना दी।
क्या है पूरा मामला?
रायपुर जिले के अभनपुर की रहने वाली 22 वर्षीय छात्रा बिलासपुर के उसलापुर में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही है। वर्ष 2024 में उसकी फेसबुक के जरिए कोरबा निवासी और IIM लखनऊ में पढ़ रहे ऐश्वर्य सिंह कंवर से पहचान हुई। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ी और जनवरी 2024 में युवक ने प्यार का इजहार करते हुए शादी का वादा किया।
पीड़िता के अनुसार, 3 जून 2024 को आरोपी बिलासपुर आया और होटल में मिलने बुलाया। पहले तो छात्रा ने मना किया, लेकिन युवक के शादी के आश्वासन पर वह मिलने गई, जहां युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और गुप्त रूप से उसका न्यूड वीडियो बना लिया।
इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए बार-बार शारीरिक शोषण किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने बात करना ही बंद कर दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
छात्रा ने हिम्मत जुटाकर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अब परिवार बना रहा दबाव
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के पिता कोरबा कलेक्ट्रेट में पदस्थ हैं और अपनी प्रशासनिक पहुंच का दुरुपयोग कर केस वापस लेने के लिए धमकी दे रहे हैं। साथ ही करियर और सामाजिक छवि खराब करने की चेतावनी भी दी जा रही है।
समाज को सोचने की ज़रूरत
यह मामला एक बार फिर बताता है कि सोशल मीडिया के माध्यम से बनते रिश्ते कभी-कभी कितना बड़ा धोखा बन सकते हैं। ऐसे मामलों में महिलाओं को न सिर्फ न्याय की जरूरत है, बल्कि समाज से सहानुभूति और समर्थन भी जरूरी है।



