
रायपुर न्यूज धमाका – सरकारी धन के दुरुपयोग के एक गंभीर मामले में गरियाबंद जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 विजेंद्र कुमार ध्रुव को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर बी.एस. उइके ने यह कार्रवाई पेट्रोल-डीजल मद में लगभग ₹25 लाख के अनियमित भुगतान के आरोपों की पुष्टि के बाद की है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच, सामने आई वित्तीय गड़बड़ी
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एक लिखित शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई जांच के बाद की गई। जांच में स्पष्ट रूप से सामने आया कि विजेंद्र कुमार ध्रुव ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बिना नियमानुसार प्रक्रिया के अनुचित भुगतान स्वीकृत किया। इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता और शासकीय सेवा की निष्ठा में कमी के रूप में देखा गया।
कलेक्टर बी.एस. उइके ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए ध्रुव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सीएचसी छुरा निर्धारित किया गया है।
लोरमी में भी कार्रवाई: ग्राम सचिव होरीलाल साहू निलंबित
इसी बीच मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड की ग्राम पंचायत दरवाजा में कार्यरत सचिव होरीलाल साहू को भी काम में लापरवाही के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह निर्णय कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर जिला पंचायत के सीईओ प्रभाकर पांडे द्वारा लिया गया।
आयुष्मान भारत महाभियान के तहत कार्ड निर्माण कार्य के दौरान कलेक्टर ने जब औचक निरीक्षण किया, तो पंचायत भवन की हालत दयनीय मिली — चारों ओर गंदगी, मूलभूत सुविधाओं की कमी और असंवेदनशील प्रशासनिक रवैया उजागर हुआ।
कलेक्टर ने दिया सख्त संदेश
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर पंचायत भवन में स्वच्छता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। सचिवों को सक्रिय भूमिका निभाने और समयबद्ध जिम्मेदारी निर्वहन की सख्त हिदायत दी गई है।



