
मुंगेली न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार ने एक बार फिर जानलेवा रूप ले लिया। शीतलकुंडा गांव के पास आज सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने टक्कर में एंबुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो डॉक्टरों, एक मरीज और उसके परिजनों समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
टक्कर इतनी भयानक थी कि एंबुलेंस के उड़े परखच्चे
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ जब उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ से रायपुर जा रही एंबुलेंस और रायगढ़ से छड़ लेकर भोपाल जा रहा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और चालक जब्बार खान (निवासी प्रतापगढ़) की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में डॉक्टर, मरीज और परिजन शामिल
हादसे में एंबुलेंस में सवार दो डॉक्टर, मरीज और उसके चार परिजन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को तत्काल मुंगेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, ट्रक चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। थाना प्रभारी गिरिजा शंकर यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और ट्रक चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
तेज रफ्तार बन रही जानलेवा
राज्य में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, और इसका बड़ा कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना है। इस घटना ने एक बार फिर ट्रैफिक नियमों के पालन और रोड सेफ्टी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



