
कोरबा न्यूज धमाका – जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोरबा से जशपुर जा रही यात्री बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर कोरकोमा बताती गांव के पास पलट गई। हादसे में 24 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार में दौड़ रही बस अचानक सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के सभी शीशे टूट गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसा ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ, जिसके चलते वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। खुद ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।
सीमा विवाद बना रेस्क्यू में बाधा
हादसे के बाद करतला और रजगमार थानों की सीमा में उलझन देखी गई। दोनों थानों की पुलिस इस बात को लेकर असमंजस में रही कि दुर्घटना स्थल किसकी सीमा में आता है। इससे बचाव कार्य में देर हुई और जिम्मेदारी तय करने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तालमेल की कमी उजागर हुई।
प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बस चालकों की थकावट को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। साथ ही, थाना सीमाओं को लेकर स्पष्टता और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
