

रायपुर न्यूज धमाका – रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेल्दार सिवनी में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। 20 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के गोंदिया से गिरफ्तार कर लिया है।
तालाब किनारे मिला खून से लथपथ शव
27 जून को खरोरा पुलिस को सूचना मिली कि बेल्दार सिवनी गांव में तोर्रा तालाब के पास एक खेत में एक युवती का खून से लथपथ शव पड़ा है। मृतिका की पहचान मुस्कान धीवर के रूप में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस व साइबर यूनिट की जांच में खुलासा हुआ कि युवती की हत्या चाकू से गोदकर और पत्थर से सिर कुचलकर की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को युवती को आखिरी बार एक युवक के साथ दोपहिया वाहन पर जाते हुए देखा गया। जांच में युवक की पहचान साहिल धीवर निवासी सकलोर (बलौदाबाजार) के रूप में हुई। साहिल घटना के बाद से फरार था।
गोंदिया से गिरफ्तारी, हत्या कबूल
तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने साहिल की लोकेशन गोंदिया (महाराष्ट्र) में ट्रेस की। एक विशेष टीम को वहां रवाना किया गया और आरोपी को धर दबोचा गया। पूछताछ में साहिल ने हत्या स्वीकारते हुए बताया कि उसे अपनी प्रेमिका मुस्कान पर किसी और से संबंध होने का शक था, इसी शक के चलते उसने निर्मम हत्या की योजना रची और उसे अंजाम दिया।
हत्या में प्रयुक्त चाकू और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू और दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। आरोपी साहिल धीवर (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
- थाना प्रभारी खरोरा: निरीक्षक दीपक पासवान
- एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट: निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय
- टीम में शामिल: सउनि गेंदुराम नवरंग, प्र.आर. कृपासिंधु पटेल, संतोष वर्मा, महेन्द्र राजपूत, म.प्र.आर. बसंती मौर्य सहित अन्य पुलिसकर्मी
- वरिष्ठ पर्यवेक्षण: आईजी अमरेश मिश्रा, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह
पुलिस की अपील:
युवाओं को रिश्तों में विश्वास बनाए रखने और आवेश में आकर कोई भी चरम कदम न उठाने की सलाह दी गई है। यह घटना रिश्तों में शक के घातक परिणामों की चेतावनी है।



