
रायपुर न्यूज धमाका – राज्यपाल रमेन डेका के जिलों के दौरे पर सवाल उठाए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस को चुनौती दे डाली। मंत्री ने कहा कि राज्यपाल सर्वेसर्वा होते हैं और उनका दौरा करना अच्छा है। वहीं मुख्यमंत्री के दौरे पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेताओं को उन्होंने चुनौती दी कि वे बीते दो साल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दौरे का हिसाब निकालें। मंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री कहीं ज्यादा दौरे कर रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बिरनपुर मामले में कांग्रेस के बयानों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में है, इसलिए कांग्रेस को लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा दिखाना चाहिए। न्यायालय जो भी निर्णय करेगा, वह मान्य होगा।
मंत्री ने IIIT-रायपुर में छात्राओं की AI से बनाई गई अश्लील फोटो मामले पर कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। कॉलेज प्रशासन ने आरोपी छात्र को निलंबित किया है और सरकार ने कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। मंत्री ने कहा कि इस तरह की हरकतों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि युवा पीढ़ी को सबक मिले।
धान खरीदी को लेकर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस द्वारा 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की मांग की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल की स्थिति और मौसम को देखकर ही खरीदी की तारीख तय की जाएगी। सरकार एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है और अच्छी क्वालिटी के धान की खरीद सुनिश्चित करेगी।
कांग्रेस संगठन पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने कहा कि पार्टी दिशाहीन और व्यक्तिवादी है। दो साल से कांग्रेस संगठन चुनाव नहीं करा पा रही और अब पार्टी में होटलों में लॉबिंग चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में “सारे चमचे, घोड़े और गधे” पाए जाते हैं।
मंत्री ने यह भी कहा कि जहां-जहां भूपेश बघेल के दौरे हुए, वहां प्रशासनिक सुधार और व्यवस्था की स्थिति सुधरी। राहुल गांधी की पदयात्राओं के दौरान भी यही स्थिति रही।