
दुर्ग न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार छात्रा सुहानी सिंह (निवासी – लक्ष्मी नगर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन खुशी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा कुठेलाभाठा स्थित आईआईटी भिलाई के गेट नंबर-2 के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार बहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
कॉलेज एडमिशन और एनसीसी कैंप की थी योजना
परिवारिक सूत्रों के अनुसार, सुहानी और खुशी रूंगटा कॉलेज, कुरुद में एडमिशन की प्रक्रिया के संबंध में गई थीं और वहां से लौटते समय वे नगपुरा स्थित एनसीसी कैंप में अपनी तीसरी बहन से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान मोड़ पर यह भीषण हादसा हो गया।
घायल बहन की हालत गंभीर, एम्स रेफर
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत खुशी को श्रीशंकराचार्य मेडिकल कॉलेज पहुँचाया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते उसे एम्स रायपुर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
सुहानी की मौके पर ही मौत, परिवार में मातम
इस दुर्घटना में सुहानी की मौके पर ही मौत हो गई। पिता और परिजन घटना की सूचना मिलते ही सुपेला अस्पताल के मर्चुरी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया है, माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
समाज में सवाल: ट्रैक्टर और भारी वाहनों पर निगरानी कब?
यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों की वजह से हुआ, जो आम लोगों के जीवन के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। यह सवाल भी उठ रहा है कि शैक्षणिक संस्थानों और रिहायशी इलाकों के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण कब होगा?
