छतीसगढ़धमतरी

मुकेश चंद्राकर हत्याकांड के बाद एक और पत्रकार से बदसलूकी, धमकाने के आरोप में वन अधिकारी गिरफ्तार

धमतरी न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्याकाण्ड का मामला अभी शांत नहीं हुआ है. वहीँ दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में वन चौकी पर वाहनों से अवैध वसूली की खबर देने वाले एक पत्रकार को एक वन अधिकारी ने धमकी दी.मामले में सीतानदी वन परिक्षेत्र के रेंज अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

वन रेंज अधिकारी गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक़, क्षेत्रीय समाचार चैनल के पत्रकार संदीप शुक्ला की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है. रविवार को सीतानदी वन परिक्षेत्र के वन रेंज अधिकारी नरेशचंद्र देवनाग को गिरफ्तार किया गया है. वन अधिकारी पर वन चौकी पर वाहनों से कथित अवैध वसूली और पत्रकार को ‘‘धमकाने’’ के आरोप है. दो दिन पहले ही नरेशचंद्र देवनाग रेंजर को प्रधान मुख्य वन संरक्षक व्ही श्रीनिवास राव ने पद से हटा दिया गया था. इसके अलावा घटना की जांच हेतु उपनिदेशक उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व को 7 दिनों में तथ्यात्मक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं.

क्या है मामला

दरअसल, उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत सीतानदी रेंज राज्य के धमतरी और गरियाबंद जिलों में फैली हुई है. पत्रकार संदीप शुक्ला ने अपनी शिकायत में बताया कि एक जनवरी को वह और उनके कैमरामैन धमतरी जिले के बोरई गांव में एक वन चौकी से संबंधित स्टोरी कवर करने गए थे. संदीप शुक्ला ने वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा चेक-पोस्ट से गुजरने वाले वाहनों से कथित अवैध वसूली के बारे में एक रिपोर्ट बनाई. अगले दिन उनके न्यूज चैनल पर रिपोर्ट प्रसारित की गई थी.

पत्रकार को दी थी धमकी

पत्रकार संदीप शुक्ला ने बताया, खबर प्रसारित होने के बाद तीन जनवरी की शाम को उन्हें एक अनजान नम्बर से कॉल आया था. कॉल करने वाले ने उन्हें गाली दी और खबर को लेकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. कॉल करने वाले ने खुद को वन रेंज अधिकारी नरेशचंद्र देवनाग बताया और उसके बाद कई बार कॉल करके धमकाया.

जिसके बाद पत्रकार संदीप शुक्ला ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने में अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (अभद्र कृत्य) और 351(4) (संचार माध्यम से आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की और अधिकारी देवनाग को धमतरी से गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.

बीजापुर में हुई थी ह्त्या

बता दें, बीते दिनों बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या कर दी गयी थी. छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को उजागर करने पर स्थानीय ठेकेदार ने उसकी ह्त्या कर दी थी. मुकेश चंद्राकर एक जनवरी से लापता था. जिसका शव दो दिन बाद शुक्रवार को स्थानीय ठेकेदार के परिसर में बने सेप्टिक टैंक में मिला था. कथित तौर पर हत्या के बाद शव को टैंक में डाल दिया गया और सीमेंट से ढक दिया गया था. पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के बाद से पुरे देश में आक्रोश है.

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!