
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर के केनाल रोड स्थित झूलेलाल धाम में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में भाग लिया। उन्होंने शिविर का अवलोकन किया, सेवाएं प्रदान कर रहे विशेषज्ञ डॉक्टरों से संवाद किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सिंधी समाज की सराहना की।
सेवा ही धर्म की भावना को साकार करता शिविर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। नियमित जांच, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या से हम बीमारियों से काफी हद तक बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में मिलावटी खानपान और प्रदूषण के चलते बीपी और डायबिटीज जैसी बीमारियाँ आम हो गई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मेहनतकश लोग भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निःसंदेह एक प्रशंसनीय पहल है।
विशेष अवसर पर विशेष आयोजन
यह स्वास्थ्य शिविर पूज्य बाबा गुरुदास राम साहेब जी की 94वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस आयोजन में पूज्य शदाणी सेवा मंडल, पूज्य बाबा गरीबदास सेवा मंडल, पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत, भारतीय सिंधु सभा और पूज्य कंधकोट पंचायत ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मिलकर भागीदारी की।
सैकड़ों लोगों ने करवाई जांच, बनाए गए आयुष्मान कार्ड
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच करवाई और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड बनवाए। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने विविध चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं।
छत्तीसगढ़ बन रहा मेडिकल हब
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ अब मेडिकल हब के रूप में उभर रहा है। राज्य में पहले केवल एक मेडिकल कॉलेज था, अब संख्या बढ़कर 15 हो गई है। सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से लेकर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तक स्वास्थ्य सेवाएं विस्तृत और सुदृढ़ हुई हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी
उन्होंने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, वय वंदन योजना, मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना के तहत गरीबों और जरूरतमंदों को मिलने वाली मदद का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
संयोजकों और डॉक्टरों का सम्मान
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने स्वास्थ्य शिविर के संयोजक अमित चिमनानी और शिविर में सेवा दे रहे डॉक्टरों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक गुरु खुशवंत साहेब, धमतरी महापौर रामू रोहरा, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, सिंधी समाज के अध्यक्ष महेश दरयानी, भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष लधाराम जी सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, नागरिक व डॉक्टर उपस्थित रहे।



