
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक युवक शामिल हैं। यह हादसा दहिकोंगा के पास हुआ, जहां अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
घटनाक्रम का विवरण
कोतवाली थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के अनुसार, रायपुर से जगदलपुर जा रहा एक लोडेड ट्रक दहिकोंगा के पास अनियंत्रित होकर कोंडागांव से आ रही एक बाइक से टकरा गया। बाइक पर सवार दो महिलाएं और एक पुरुष मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के बाद से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है।
