
21 अगस्त 2026 //
गरियाबंद न्यूज़ धमाका – गरियाबंद के कुम्ही में 29 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करते हुए विधायक रोहित साहू ने ग्रामीण विकास को प्राथमिकता बताया
समीपस्थ ग्राम कुम्ही में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का कार्यक्रम उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। इस दौरान कुल 29 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात गांव को मिली।
29 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
कार्यक्रम में विधायक मद से निर्मित सरस्वती शिशु मंदिर सामुदायिक भवन का 8 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 12 और 6 में 6 लाख रुपये की लागत से पक्की नाली निर्माण कार्य का भी लोकार्पण हुआ। वहीं, छत्तीसगढ़ कृषि एवं बीज विकास निगम लिमिटेड की स्वीकृति से 15 लाख रुपये की लागत से शीतला तालाब में टीना शेड निर्माण का भूमिपूजन किया गया।
ग्रामीण विकास पहली प्राथमिकता- विधायक रोहित साहू
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचल का सर्वांगीण विकास सरकार की पहली प्राथमिकता है। सामुदायिक भवन और पक्की नालियों के निर्माण से गांव में बुनियादी सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि कुम्ही में जिन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है, वे गांव की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विधायक ने क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेने की अपील
विधायक रोहित साहू ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर पैनल लगाकर बिजली बिल में राहत प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का अधिक से अधिक लाभ उठाने और ऊर्जा उपभोक्ता के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादक बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया
शीतला तालाब में बनेगा टीना शेड
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ कृषि एवं बीज विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि विकास कार्यों से गांव की आधारभूत संरचना मजबूत होती है। शीतला तालाब परिसर में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाला टीना शेड ग्रामीणों को सार्वजनिक और धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि गांव का विकास केवल भवन और सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के एकजुट होकर आगे बढ़ने से भी विकास की गति मजबूत होती है।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी नेहरू साहू, जिला पंचायत सभापति नंदनी ओंकार साहू, भाजपा जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, सरपंच संघ गरियाबंद के जिलाध्यक्ष हरीश साहू, पंकज निर्मलकर, भाजपा मंडल महामंत्री जितेंद्र पेंडरिया, श्रीमती रेणुका साहू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव चंद्राकर, प्रकाश साहू, प्रभु नंद चंद्राकर, सुरेश दिलावर, सरपंच वीरेंद्र साहू, उपसरपंच दीनू साहू, श्यामलाल साहू, जीवराखन साहू, शत्रुहन साहू, मेघनाथ साहू, बालचंद साहू सहित पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों ने विकास कार्यों की सौगात मिलने पर जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।



