
21 अगस्त 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – बिरगांव क्षेत्र में खुले ग्रेन एटीएम सेंटर को मिल रही सफलता को देखते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग शहर में ग्रेन एटीएम सेंटरों की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है।
राजधानी रायपुर के बिरगांव क्षेत्र में खुले अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम सेंटर को मिल रही सफलता को देखते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग शहर में ग्रेन एटीएम सेंटरों की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है।
विभागीय अधिकारियों के शुरुआत में शहर के सभी जोन क्षेत्र में एक-एक ग्रेन एटीएम सेंटर खोले जाएंगे, जिसके लिए जगह चिन्हांकित की जा रही हैं। जगह मिलने के बाद ग्रेन एटीएम सेंटर खोलने के लिए आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
ग्रेन एटीएम में एपीएल धारको को भी मिलने लगा चावल
बिरगांव में खुले ग्रेन एटीएम सेंटर में अब एपीएल वर्ग के कार्ड धारकों को भी चावल मिलने लगा है। इससे पहले एटीएम सेंटर से सिर्फ निःशुल्क चावल प्राप्त करने वाले कार्ड धारकों को ही चावल मिल रहा था, लेकिन अब प्रति किलो 10 रुपए की दर से लेने वाले एपीएल धारक चावल एटीएम से निकाल पा रहे हैं। इसके लिए उन्हें नकद रुपए देने पड़ रहे है। एटीएम सेंटर का संचालन की जिम्मेदारी जिस समूह को दिया है, उनके द्वारा ही चावल का शुल्क लिया जा रहा है। ग्रेन एटीएम सेंटर में शक्कर एवं नमक वितरण की भी अलग से व्यवस्था की गई है। इन दोनों सामग्री के लिए अलग से ई-पॉस मशीन रखी गई है।
पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 3 जिलों में लगा एक-एक ग्रेन एटीएम
पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रदेश के तीन जिले रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में शुरू किए गए एक-एक ग्रेन एटीएम सेंटरों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इन वोन एटीएम के जरिए कार्ड धारक स्वयं से अपना आधार या राशन कार्ड नंबर डालने के बाद फिंगर लगा रहा है, जिसके तुरंत बाद उसमें से चावल निकल रहा है जो सीधे एटीएम में चावल निकालने वाली मशीन से बोरी में जाता है। इस दौरान कार्ड धारक को सिर्फ चावल भरते तक बोरी को पकड़ना पड़ता है। इस तरह ग्रेन एटीएम से चावल लेने में महज कुछ मिनट ही लग रहे है।
रायपुर में 10 और नए ग्रेन एटीएम खुलेंगे
रायपुर शहर के ट्रांसपोर्ट नगर बिरगांव में ग्रेन एटीएम सेंटर खोला गया है। इस एटीएम सेंटर को खुले 12 दिन ही हुए हैं, लेकिन यहां तीन सौ क्विंटल से अधिक चावल का वितरण हो चुका है। शहर में जिस तरह से ग्रेन एटीएम से चावल लेना कार्ड धारक पसंद कर रहे हैं, उसे देखते हुए जिला खाद्य विभाग अब शहर के सभी 10 जोन क्षेत्र में एक-एक ग्रेन एटीएम सेंटर खोलने की योजना बना रहा है। इसके लिए खाद्य निरीक्षकों को पहले जगह चिन्हांकित करने के निर्देश दिए हैं। जगह मिलने के बाद विभाग प्रस्ताव बनाकर इसे स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजेगा।
प्रस्ताव भेजा जाएगा
रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि, ग्रेन एटीएम सेंटर को मिल रही सफलता के बाद अब शहर के सभी जोन क्षेत्र में और एक-एक ग्रेन एटीएम सेंटर खोलने का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके लिए जगह कार चिन्हांकित की जा रही हैं।



