
सक्ती न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब बॉयलर की मरम्मत के दौरान मजदूरों से भरी लिफ्ट अचानक टूटकर गिर गई। इस हादसे में चार मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
लापरवाही का मामला दर्ज
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लांट के मालिक सहित आठ अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 106(1) (लापरवाही से मौत), 289 (खतरनाक कार्य से नुकसान) और 3(5) (कार्यस्थल सुरक्षा उल्लंघन) के तहत की है।
आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- डॉ. अंडल अरमुगम – कंपनी ओनर / डायरेक्टर
- टीएम सिंगरवेल – डायरेक्टर
- सम्मुख राव – प्लांट हेड एवं एडिशनल डायरेक्टर
- कमलेश कुमार अग्रवाल – बॉयलर एवं टर्बाइन मेंटेनेंस हेड
- मनोज राउत – सेफ्टी ऑफिसर
- वेसलीमणि – पी एंड एम मेंटेनेंस अधिकारी
- कृष्णा गौरव – लिफ्ट इंजीनियर
- एक अन्य जिम्मेदार अधिकारी
प्रशासन ने मानी बड़ी लापरवाही
सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इस हादसे को गंभीर लापरवाही मानते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि डभरा एसडीएम के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की गई है, जो 30 दिनों के भीतर पूरी घटना की जांच रिपोर्ट सौंपेगी। जांच में हादसे की असली वजह और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका का खुलासा किया जाएगा।
मृतक और घायल मजदूरों के परिजनों में शोक
हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। मृतक मजदूरों के परिजन और साथी कामगारों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घायल मजदूरों को सक्ती जिला अस्पताल और बिलासपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय प्रशासन और सरकार की निगरानी
प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार ने भी हादसे की पूरी जानकारी तलब की है और पीड़ितों को मुआवजा देने की बात कही है।



