
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी रायपुर के शंकर नगर सेक्टर-2 में नाबालिगों ने शातिराना ढंग से कार चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित मिलन चंद गाईन की स्कोडा कुशाक कार घर के बाहर खड़ी थी, जिसे चोरी कर अगले दिन सुनसान इलाके तुमगांव में क्षतिग्रस्त हालत में छोड़ दिया गया।
घटना की जानकारी कार मालिक को मोबाइल नोटिफिकेशन के माध्यम से मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात लगभग 11 बजे कार मालिक के पिता ने कार (क्रमांक CG04PK9472) घर के बाहर खड़ी कर लॉक कर दी थी। अगले दिन सुबह करीब 6:40 बजे जब कार गायब मिली, परिजन ने आसपास तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कार की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने जांच के बाद दो नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस घटना ने शहरी इलाकों में नाबालिगों द्वारा वाहन चोरी और स्मार्ट टेक्नोलॉजी की मदद से होने वाले नुकसान पर चिंता जताई है।
